![]() |
| बलौदाबाजार के घोटिया मोड़ पर हुए सड़क हादसे में तीन मौसेरे भाइयों की जान चली गई। |
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में रायपुर-पलारी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। पलारी थाना क्षेत्र के घोटिया मोड़ के पास सोमवार देर रात तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान प्रेम धीवर, राज धीवर और खिलेश्वर धीवर के रूप में हुई है। तीनों आपस में मौसेरे भाई थे और नवरात्रि के मौके पर पलारी जा रहे थे।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
जानकारी के मुताबिक, कोरासी गांव निवासी प्रेम धीवर (18) अपने मौसेरे भाइयों राज धीवर (18) और खिलेश्वर धीवर (18) के साथ पलारी जाने के लिए निकला था। सोमवार देर रात तीनों बाइक से दौदे से पलारी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घोटिया मोड़ के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
टक्कर में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान प्रेम धीवर की बलौदाबाजार अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, राज और खिलेश्वर की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।
रायपुर के DKS अस्पताल में दो युवकों की मौत
राज धीवर और खिलेश्वर धीवर का रायपुर के DKS अस्पताल में इलाज चल रहा था। बुधवार को उपचार के दौरान दोनों युवकों की भी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद उनके शव परिजनों को सौंप दिए गए। देर रात शव गांव लाए गए, जबकि गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाना था।
एक ही परिवार से जुड़े थे तीनों युवक
हादसे में जान गंवाने वाले प्रेम धीवर और खिलेश्वर धीवर कोरासी गांव के निवासी थे, जबकि राज धीवर पलारी में रहता था। तीनों के बीच मौसी के परिवार के माध्यम से रिश्तेदारी थी। एक ही रिश्तेदारी से जुड़े तीन युवकों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
प्रेम के पिता दौदे में होटल चलाते हैं। प्रेम भी पिता के साथ होटल के काम में हाथ बंटाता था। नवरात्रि के दौरान पलारी जाते समय हुए इस हादसे ने तीनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
